स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक परेशान, नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।नगर पालिका क्षेत्र के सर्वोदय नगर में मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे इस इलाके में सड़क अब गड्ढों और कीचड़ का पर्याय बन चुकी है। बारिश के बाद हालात और भी गंभीर हो गए हैं। जगह-जगह भरे गंदे पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है, जबकि आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जलभराव से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिन्हें पार करना किसी चुनौती से कम नहीं है। हालात ऐसे हैं कि लोगों ने आवागमन के लिए रास्ते में बोल्डर डाल दिए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी चांदनी ने बताया कि वह स्वयं कीचड़युक्त पानी में गिरकर चोटिल हो चुकी हैं। उनका कहना है कि सड़क की दुर्दशा के कारण रोजमर्रा के कार्यों के लिए निकलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं मुकेश दुबे ने बताया कि स्कूली बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अभिभावक हर समय किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित रहते हैं।क्षेत्रवासियों के अनुसार जलभराव के कारण सड़क पर गंदगी और बदबू का माहौल बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है। मंगलवार को स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर नगर पालिका प्रशासन से सड़क निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग उठाई।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
