मेडिएशन सेंटर के बाहर विवाद के बीच हादसा, पति गंभीर घायल।

दिल्ली से समझौते के लिए आया युवक हाईवे पर वाहन की चपेट में आया, पुलिस जांच में जुटी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।मिल एरिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे स्थित एडीआर (मेडिएशन) सेंटर के बाहर शनिवार को पति-पत्नी के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद के दौरान एक युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में दिल्ली निवासी देवेश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।जानकारी के अनुसार देवेश अपने माता-पिता के साथ वैवाहिक विवाद के निस्तारण हेतु मेडिएशन सेंटर पहुंचे थे।

इसी दौरान सेंटर के बाहर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के बीच सड़क पर पहुंचे देवेश को हाईवे से गुजर रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें ऑटो रिक्शा के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना पर मिल एरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं घायल के पिता संगम लाल ने पुत्र के वैवाहिक जीवन में लंबे समय से तनाव रहने तथा पत्नी द्वारा कथित उत्पीड़न किए जाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts