चूड़ी विवाद पर महिला ने जताई नाराजगी, एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा शिकायती पत्।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।शहर में हाल ही में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और एबीवीपी के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद सामने आए चूड़ी पहनाने संबंधी विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। शुक्रवार को एक महिला शिकायतकर्ता अंजुम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और मामले को लेकर शिकायती पत्र सौंपते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की।जानकारी के अनुसार, बीते दिन हुए विवाद के दौरान सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और नगर कोतवाल शिव शंकर के बीच तीखी बहस हुई थी। बहस के दौरान चूड़ी पहनाने जैसी टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसकी चर्चा पूरे जिले में रही।

इसी मामले को लेकर महिला शिकायतकर्ता ने आपत्ति जताते हुए कहा कि चूड़ी को महिलाओं के सम्मान से जोड़कर इस प्रकार की टिप्पणी करना उचित नहीं है।शिकायतकर्ता अंजुम ने कहा कि पुलिस का कार्य जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी भी रूप में कमजोर समझना या उनके प्रतीकों का उपहास करना महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की।

महिला ने यह भी कहा कि वह इस पूरे मामले की शिकायत समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और उन्हें किसी भी प्रकार से कमतर आंकना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं जिले की पुलिस व्यवस्था की सराहना करते हुए महिला ने कहा कि रायबरेली पुलिस आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पुलिस प्रशासन ने हमेशा नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है और शिकायतों के निस्तारण के लिए तत्परता दिखाई है। एसपी कार्यालय में भी उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया गया और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस प्रशासन शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दे रहा है।

Related posts