डीएम ने कौशल विकास मिशन के अन्तर्गत जनपद में संचालित निजी एवं राजकीय प्रशिक्षण प्रदाताओं की प्रगति की समीक्षा की।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 19 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत संचालित निजी एवं राजकीय प्रशिक्षण प्रदाताओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कौशल विकास योजनाओं की प्रगति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन तथा युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट प्रवीण योजना के तहत संचालित कौशल विकास कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

साथ ही स्टेट स्किल डेवलपमेंट फण्ड (एसएसडीएफ) योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं के मूल्यांकन के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में राजकीय आईटीआई में प्रवेशित अभ्यर्थियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर दिया गया।

उन्होंने नेशनल अप्रेन्टिशिप प्रमोशन स्कीम के अंतर्गत अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयों को योजना से जोड़ने तथा युवाओं को अप्रेन्टिशिप का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा इण्डिया स्किल कॉम्पटीशन-2026 में जनपद के अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आईटीआई, पालीटेक्निक, फिरोज गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज एवं निफ्ट सहित विभिन्न तकनीकी संस्थानों को व्यापक पंजीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन विवेक कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षण प्रदाता संस्थानों के प्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts