सीतापुर पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, नशा तस्कर समेत छह शातिर गिरफ्तार

चोरी की सात घटनाओं का खुलासा, नशीली गोलियां-इंजेक्शन, नकदी, जेवरात, तमंचे व कारतूस बरामद

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतापुर पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। कोतवाली नगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपी को नशीली गोलियों और इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया, जबकि महमूदाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की सात घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन हिस्ट्रीशीटर और चोरी के जेवर खरीदने वाला एक सोनार भी शामिल है।

कोतवाली नगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे मु0अ0सं0 0282/2026 में वांछित विश्वनाथ मिश्रा पुत्र जगदेव प्रसाद मिश्रा, निवासी तरीनपुर, को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 600 नशीली गोलियां (Alprazolam), 80 नशीले इंजेक्शन (Tramadol) और ₹11,700 की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया।

वहीं, महमूदाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नूरपुर पुल के पास घेराबंदी कर अंतरजनपदीय चोरी गिरोह के पांच सदस्यों तथा चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक सोनार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामप्रकाश, आशीष उर्फ ननका, अरविन्द कुमार, सूबेदार, श्रवण उर्फ सरवन और सोनार श्रीकृष्ण पवार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से विभिन्न चोरी की घटनाओं से संबंधित ₹1,44,100 की नकदी, सोने की टिक्की, चांदी के आभूषण, पायल, सिकड़ी, ब्रेसलेट, कान की बालियां, दो अवैध तमंचे, चार कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने महमूदाबाद, सदरपुर और थानगांव थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अरविन्द, श्रवण और रामप्रकाश हिस्ट्रीशीटर हैं, जिनके विरुद्ध सीतापुर समेत अन्य जिलों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related posts