जल जीवन मिशन की समीक्षा में डीएम सख्त, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।

पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का जल्द हो रिस्टोरेशन, लापरवाही पर होगी कार्रवाई।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्ट रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (शहरी एवं ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति, भूमि उपलब्धता, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के रिस्टोरेशन कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है, उनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जाए ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान काटी गई सड़कों के रिस्टोरेशन कार्य को प्राथमिकता पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत में देरी होने से आमजन को आवागमन में परेशानी होती है, इसलिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।

सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) रणविजय सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी) मो. अफजल खान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts