रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। थुलवासा गांव में किराना दुकान पर गाली-गलौज के बाद दोबारा पहुंचे 10-15 लोगों पर दुकानदार के पुत्रों व उनकी मां के साथ लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना में दो भाइयों समेत महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने चौकी प्रभारी थुलवासा को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
थुलवासा निवासी रामबरन पुत्र शिव बालक साहू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी किराने की दुकान थुलवासा संपर्क मार्ग पर नहरिया के पास देसी ठेके के सामने स्थित है। तहरीर के मुताबिक, उनके पुत्र विनय साहू और विपिन साहू दुकान पर मौजूद थे।
इसी दौरान करीब शाम पांच बजे सत्य प्रकाश मौर्य पुत्र राजेंद्र मौर्य, रिशु मौर्य पुत्र राजेंद्र मौर्य, लकी सविता पुत्र हनुमंत लाल, नितिन मौर्य पुत्र राकेश मौर्य और आकाश मौर्य समेत कुछ लोग दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपी वहां से चले गए।आरोप है कि करीब पौने छह बजे वही लोग 10-15 अन्य व्यक्तियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से विनय साहू व विपिन साहू पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां के साथ भी मारपीट की गई।
हमले में तीनों को गंभीर चोटें आने की बात तहरीर में कही गई है।घटना के बाद घायलों को सीएचसी महाराजगंज ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा भी लगा है, जिससे पूरी घटना की जानकारी सामने आ सकती है।
तहरीर में नामजद आरोपियों के अलावा करीब छह अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पीड़ित रामबरन ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
