साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार।

फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों को लगाते थे लाखों की चपत, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा।

धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हरचंदपुर/रायबरेली। रायबरेली पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। थाना हरचंदपुर, थाना चंदापुर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।पुलिस के अनुसार 21 सितंबर 2026 को थाना हरचंदपुर में साइबर फ्रॉड की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच में सामने आया कि कुछ बैंक खातों का उपयोग अवैध वित्तीय लेन-देन में किया जा रहा था।

मामले में थाना हरचंदपुर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद कुमार, प्रमोद जयसवाल, शिवा मिश्रा एवं मिथलेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन पासबुक, दो एटीएम कार्ड तथा 1.75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह सोशल मीडिया पर विदेशी युवतियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करता था। विश्वास जीतने के बाद महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर कस्टम शुल्क और टैक्स के नाम पर रुपये विभिन्न खातों में जमा कराए जाते थे। बाद में रकम निकालकर आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related posts