फर्जी बिलों की आड़ में 40 लाख की अवैध शराब पकड़ी, अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़।

402 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, चंडीगढ़ से बिहार जा रही खेप महराजगंज में पकड़ी गई।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। रायबरेली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों और बिलों की आड़ में चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब के बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य की 402 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। संयुक्त कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना महराजगंज पुलिस, एसओजी/सर्विलांस टीम तथा आबकारी विभाग की संयुक्त टीम थुलवांसा चेकिंग प्वाइंट पर वाहनों की सघन जांच कर रही थी।

इसी दौरान आबकारी विभाग से सूचना मिली कि ट्रक कंटेनर संख्या UP21CN5075 में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर त्रिपुला चौराहे से बाराबंकी की ओर ले जाई जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। जांच के दौरान चालक द्वारा प्रस्तुत बिल्टी में माल को कीटनाशक एवं उर्वरक दर्शाया गया था, लेकिन कंटेनर की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई।

पेटियों के भीतर पंजाब एवं चंडीगढ़ क्षेत्र में बिक्री के लिए तैयार की गई पार्टी स्पेशल और ब्लू स्ट्रोक ब्रांड की अंग्रेजी शराब की फुल, हाफ और क्वार्टर बोतलें भरी मिलीं।बरामद शराब में पार्टी स्पेशल ब्रांड की 750 एमएल की 48 पेटी, 375 एमएल की 37 पेटी एवं 180 एमएल की 26 पेटी तथा ब्लू स्ट्रोक ब्रांड की 750 एमएल की 129 पेटी, 375 एमएल की 91 पेटी और 180 एमएल की 71 पेटी शामिल हैं। कुल मिलाकर 402 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

पकड़ा गया चालक शाकिर पुत्र … निवासी जलालपुर, थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की तस्करी को छिपाने के लिए कीटनाशक एवं उर्वरक के नाम पर फर्जी टैक्स इनवॉइस, ई-वे बिल और अलग मार्ग की बिल्टी तैयार कराई जाती थी।

इन जाली दस्तावेजों की आड़ में चंडीगढ़ से शराब लाकर बिहार पहुंचाई जाती थी।अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने मालिक सरताज अली पुत्र नन्हे निवासी गदीपुर, थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था। दोनों इस तस्करी से लाखों रुपये की कमाई कर रहे थे।

क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये है। अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।इस कार्रवाई को महराजगंज पुलिस, एसओजी/सर्विलांस (साइबर) टीम एवं आबकारी विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने भी संयुक्त टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई न होती तो करोड़ों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को बड़ा लाभ पहुंच सकता था।

Related posts