राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी। मुख्यमंत्री द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, साइबर अपराध एवं यातायात जागरूकता को लेकर आदर्श कोतवाली नगर पुलिस द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाराबंकी में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना रहा।

पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

मिशन शक्ति टीम में महिला उपनिरीक्षक किरण देवी, महिला आरक्षी प्रीती तिवारी, रिक्रूट महिला आरक्षी निर्मल शुक्ला एवं कोमल देवी तथा रिक्रूट आरक्षी सौरभ यादव शामिल रहे। पुलिस टीम ने छात्राओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने और सावधानी बरतने के उपाय बताए गए।

अभियान के दौरान छात्राओं को 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 102 स्वास्थ्य सेवा के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए भी जागरूक किया।

इसके अलावा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जिनमें मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था पेंशन एवं विधवा पेंशन आदि शामिल हैं, की जानकारी भी दी गई। इस दौरान छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।

पुलिस टीम ने कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं एवं लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। मौके पर किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई समस्या नहीं बताई गई। पुलिस टीम ने सभी से महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की।

Related posts