मिशन शक्ति केंद्र की पहल से सास-ससुर और बेटे-बहू के बीच हुआ समझौता

कोतवाली नगर पुलिस की समझाइश के बाद परिवार में सुलह, बुजुर्ग दंपती को सम्मानपूर्वक घर लेकर गए पुत्र-बहू

धारा लक्ष्य समाचार

बाराबंकी। थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत पारिवारिक विवाद के एक मामले में प्रभावी हस्तक्षेप करते हुए बुजुर्ग दंपती और उनके पुत्र-बहू के बीच समझौता कराया गया। पुलिस की पहल के बाद परिवार में आपसी सहमति बनी और पुत्र-बहू अपने माता-पिता को सम्मानपूर्वक घर लेकर गए।

पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति केंद्र थाना कोतवाली नगर पर करीब 65 वर्षीय आवेदक द्वारा प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया था कि उनके पुत्र एवं बहू द्वारा उन्हें तथा उनकी पत्नी को मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता है और मारपीट के बाद घर से निकाल दिया गया है।

प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक किरण देवी, महिला आरक्षी प्रीती तिवारी एवं महिला आरक्षी प्रीतू यादव द्वारा दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाकर उनकी बात सुनी गई।

पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से वार्ता कर मामले की जानकारी ली गई तो सामने आया कि परिवार में घरेलू बातों को लेकर आपसी विवाद उत्पन्न हुआ था। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर आपसी मतभेद समाप्त करने तथा परिवार में प्रेम एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस की समझाइश के बाद आवेदक के पुत्र एवं बहू ने अपने सास-ससुर से माफी मांगी तथा भविष्य में विवाद न करने की बात कहते हुए सुलहनामा लिखकर दिया। इसके बाद पुत्र एवं बहू अपने सास-ससुर को साथ लेकर घर चले गए।

पुलिस की इस पहल से बुजुर्ग दंपती ने संतोष व्यक्त करते हुए थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

थाना कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं परिवारों से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण कराते हुए आपसी विवादों को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related posts