पेट में बल्ली मार अधेड़ को किया लहूलुहान, हालत नाजुक; दबंग पर मुकदमा दर्ज

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। थाना क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक दबंग युवक ने अधेड़ पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अधेड़ की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जगदेव बीते 20 सितंबर की शाम अपने घर के बाहर चबूतरे पर खड़े होकर मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पास में पड़ी भारी लकड़ी की बल्ली उठाकर जगदेव के पेट में जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले से जगदेव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण दौड़कर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकला।

आरोप है कि बाद में आरोपी और उसके कुछ साथी दोबारा पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि पुलिस को सूचना देने का प्रयास करने पर मोबाइल फोन छीन लिया गया।गंभीर रूप से घायल जगदेव को एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया,

जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

मामला पुलिस अधीक्षक के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचने के बाद कार्रवाई तेज हुई। एसपी कार्यालय के निर्देश पर महराजगंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रोहित कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related posts