मिशन शक्ति केंद्र की पहल से सास-बहू के विवाद का हुआ समाधान महिला पुलिसकर्मियों की काउंसलिंग से परिवार में लौटी आपसी समझ, बहू ने सास से मांगी माफी

मिशन शक्ति केंद्र की पहल से सास-बहू के विवाद का हुआ समाधान

महिला पुलिसकर्मियों की काउंसलिंग से परिवार में लौटी आपसी समझ, बहू ने सास से मांगी माफी

बाराबंकी। थाना कोतवाली नगर पुलिस के मिशन शक्ति केंद्र पर पारिवारिक विवाद से संबंधित एक प्रकरण सामने आया, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों की समझाइश और काउंसलिंग के बाद सास-बहू के बीच चल रहे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया गया।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली नगर स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर एक महिला ने अपनी बहू के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत में घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद होने तथा बहू द्वारा नाराजगी में आत्महत्या करने की धमकी दिए जाने की बात कही गई थी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक किरण देवी, महिला आरक्षी प्रीती तिवारी एवं महिला आरक्षी प्रीतू यादव ने दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाकर उनकी बात सुनी।

पुलिस के अनुसार, संबंधित बहू करीब आठ माह की गर्भवती है। महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद घरेलू विवाद के कारणों को समझाया तथा बहू की काउंसलिंग करते हुए उसे किसी भी परिस्थिति में आत्मघाती कदम न उठाने और अपनी तथा गर्भस्थ शिशु की सेहत का विशेष ध्यान रखने के लिए समझाया।

महिला पुलिसकर्मियों की समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी। बहू ने अपनी सास से माफी मांगी तथा भविष्य में आपसी विवाद को बातचीत और समझदारी से सुलझाने की बात कही। दोनों पक्षों की सहमति से सुलहनामा भी लिखकर दिया गया।

इसके बाद सास और उनके पुत्र अपनी बहू को साथ लेकर घर गए। परिजनों ने बहू का विशेष ध्यान रखने तथा उसे हर संभव सहयोग देने की बात कही। परिवार की ओर से मामले को समझाने-बुझाने और शांतिपूर्ण तरीके से समाधान कराने के लिए थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया गया।

थाना कोतवाली नगर पुलिस की इस पहल से एक परिवार में उत्पन्न घरेलू विवाद को आपसी समझ, काउंसलिंग और संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया गया।

Related posts