जमीन के रास्ते को लेकर दो पक्ष भिड़े, मारपीट में कई घायल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। थाना क्षेत्र के बावन बुजुर्ग गांव में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर गुरुवार शाम दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद समीर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।गांव निवासी श्रीमती पत्नी धनपत ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में बैनामे के जरिए जमीन खरीदी थी।

आरोप है कि जब उन्होंने विपक्षी पक्ष के लोगों को अपनी जमीन के रास्ते से आने-जाने से रोका तो वे भड़क गए और अभद्रता करते हुए उनके पुत्र मुकेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

वहीं दूसरे पक्ष के मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद समीर और रवीना घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाए गए। चिकित्सकों ने आरिफ और समीर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। श्रीमती ने गांव के शमीर, आरिफ, नेवाज, बबलू समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जबकि दूसरे पक्ष ने मुकेश, राकेश सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों को नामजद किया है।

घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की सक्रियता से माहौल शांत है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts