रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 26 सितम्बर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को धान बिक्री में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जनपद में कुल 91 धान क्रय केन्द्रों को स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत संचालित होने वाले इन क्रय केन्द्रों के माध्यम से किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान की खरीद की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वीकृत क्रय केन्द्रों में खाद्य विभाग की विपणन शाखा के 26, पीसीएफ के 34, पीसीयू के 12, यूपीएसएस के 12, मंडी परिषद के 02 तथा भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के 05 क्रय केन्द्र शामिल हैं। सभी केन्द्रों का संचालन संबंधित क्रय एजेंसियों द्वारा शासन की गाइडलाइन के अनुरूप किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा तहसील एवं विकासखंडवार क्रय केन्द्रों की व्यवस्था की गई है। तहसील सदर के राही, अमावां, हरचंदपुर एवं सतांव, तहसील महराजगंज के महराजगंज, शिवगढ़ एवं बछरावां, तहसील लालगंज के लालगंज, सरेनी एवं खीरों, तहसील ऊंचाहार के ऊंचाहार, रोहनिया एवं जगतपुर, तहसील डलमऊ के डलमऊ एवं दीनशाह गौरा तथा तहसील सलोन के सलोन, डीह एवं छतोह विकासखंड क्षेत्रों में धान क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं क्रय एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीद शुरू होने से पहले सभी केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित की जाए।
