अध्यक्ष सरला साहू के नेतृत्व में संचारी रोग नियंत्रण और दशहरा तैयारियों को मिली नई गति।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। नगर पंचायत सभागार में शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्बे के सभी वार्डों में संचारी रोगों की रोकथाम तथा आगामी दशहरा मेले की व्यवस्थाओं को लेकर गहन मंथन किया गया। अध्यक्ष ने जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अध्यक्ष सरला साहू ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को वार्डों में नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव करने, नालियों की सफाई सुनिश्चित कराने तथा लोगों को संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में आगामी दशहरा मेले को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि नगर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जुड़े इस आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर पंचायत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने मेला क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही रामलीला मंचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए दशहरा मेला समिति को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान शांति नगर वार्ड की सभासद ने एजेंडा को लेकर आपत्ति जताते हुए बैठक का बहिष्कार किया। इस परअधिशासी अधिकारी राम आशीष ने स्पष्ट किया कि यह नियमित बोर्ड बैठक नहीं, बल्कि संचारी रोग संवेदीकरण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बुलाई गई विशेष बैठक थी।

अध्यक्ष सरला साहू की सक्रिय कार्यशैली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की बैठक में उपस्थित सभासदों ने सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि अध्यक्ष के नेतृत्व में नगर पंचायत संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दशहरा मेले की तैयारियों को सफलतापूर्वक पूरा करेगी।

इस अवसर पर जमुना पासवान, धर्मेंद्र वर्मा, अंकुर वैश्य, मुस्ताक राइनी सहित 11 सभासद उपस्थित रहे।

Related posts