महिला अस्पताल में वार्ड बॉय की दबंगई, तीमारदार से मारपीट का वीडियो वायरल

धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिला महिला अस्पताल परिसर में वार्ड बॉय द्वारा एक तीमारदार के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अस्पताल का एक वार्ड बॉय तीमारदार के साथ हाथापाई करता दिखाई दे रहा है, जिससे अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।बताया जा रहा है कि घटना अस्पताल परिसर में उस समय हुई जब किसी बात को लेकर वार्ड बॉय और तीमारदार के बीच विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन विवाद को समय रहते नहीं रोका जा सका।वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने ऐसी घटनाओं पर चिंता जताई है।

लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस प्रकार की घटनाएं स्वास्थ्य व्यवस्था की छवि को प्रभावित करती हैं।

मामले का संज्ञान लेते हुए रायबरेली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं पूरे प्रकरण की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन भी मामले की पड़ताल में जुट गया है। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Related posts