मुख्य चुनाव आयुक्त पर कांग्रेस के रुख के विरोध में भाजपा का सद्बुद्धि यज्ञ, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का कांग्रेस पर तीखा हमला।

धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग और चुनाव आयोग को लेकर दिए जा रहे बयानों के विरोध में रविवार को रायबरेली के शहीद चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ यज्ञ में आहुति देकर कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया।

यज्ञ के दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार मिलने पर कांग्रेस नेतृत्व चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाने का प्रयास करता है, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।

मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा में रायबरेली की जनता से जुड़े विकास कार्यों और क्षेत्रीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के बजाय वे केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि रायबरेली की जनता विकास चाहती है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है।सद्बुद्धि यज्ञ के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मां सरस्वती से राहुल गांधी को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।

यज्ञ में प्रतीकात्मक रूप से “राहुल गांधी स्वाहा” और “प्रियंका गांधी स्वाहा” की आहुति भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के बयानों की निंदा करते हुए चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की बात कही।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। शहीद चौक पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बना रहा।

Related posts