धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
जगतपुर/रायबरेली। क्षेत्र के जढैया गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक गांव के पास स्थित बाग में दिखाई पड़ा। मगरमच्छ को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बरसात के मौसम के बीच गांव में पहुंचे इस विशालकाय जीव को देखकर लोग भयभीत नजर आए।जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को नियंत्रित किया और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश और जलभराव के कारण मगरमच्छ किसी नदी, नाले या जलाशय से भटककर गांव में पहुंच गया होगा। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।वन विभाग की टीम मगरमच्छ को अपने साथ ले गई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसे किस स्थान पर छोड़ा जाएगा। ग्रामीणों ने वन विभाग से आसपास के क्षेत्रों की भी जांच कराने की मांग की है,
ताकि ऐसे अन्य वन्य जीवों की मौजूदगी होने पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गांव में दिनभर मगरमच्छ की चर्चा बनी रही और लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें करते रहे।
