ओवरटेक की होड़ में बेकाबू हुई डबल डेकर बस, बड़ा हादसा टला।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हरचंदपुर/रायबरेली। रायबरेली में सोमवार को ओवरटेक की होड़ एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते रह गई। दिल्ली से मुसाफिरखाना (अमेठी) जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस हाईवे पर दूसरी बस को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के दौरान बस एनएचएआई का पोल तोड़ते हुए काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना हरचंदपुर और बछरावां थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सेरी गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति से चल रही थी और ओवरटेक के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसा इतना भीषण था कि बस डिवाइडर पर चढ़ने के बाद एनएचएआई का पोल तोड़ते हुए काफी दूरी तक घिसटती चली गई और दूसरे थाना क्षेत्र की सीमा तक जा पहुंची।

बताया जा रहा है कि बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। सूचना मिलते ही हरचंदपुर और बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

बस में सवार चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts