चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/लालगंज।बैसवारा इंटर कॉलेज में सोमवार को शासन की मंशा के अनुरूप ‘विकसित भारत संकल्प 2047’ के तहत चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर देश के विकास, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विचारों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में जीजीआईसी कुम्हडौरा की प्रधानाचार्या एवं नोडल अधिकारी कीर्ति बाजपेयी तथा बैसवारा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना पर अपने विचार रखे, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों के माध्यम से देश के भविष्य की तस्वीर उकेरी।
भाषण प्रतियोगिता में बैसवारा इंटर कॉलेज की आर्या ने प्रथम, इसी विद्यालय की शुभी मौर्या ने द्वितीय तथा श्री नेहरू इंटर कॉलेज विशुनखेड़ा की संध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर चित्रकला प्रतियोगिता में बहार वारसी प्रथम, तमन्ना द्वितीय और मयंक गौड़ तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में बैसवारा इंटर कॉलेज के शिवा विश्वकर्मा ने प्रथम, श्री नेहरू इंटर कॉलेज की सौम्या सिंह ने द्वितीय तथा बैसवारा इंटर कॉलेज की खुशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आर्या ने प्रथम, गरिमा ने द्वितीय तथा श्री नेहरू इंटर कॉलेज विशुनखेड़ा की माही तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में बैसवारा इंटर कॉलेज के अतिदेव पाण्डेय, नेहरू इंटर कॉलेज के देवी प्रसाद तथा राजकीय इंटर कॉलेज चंदा टीकर के विनोद कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन सपना सिंह ने किया।आयोजन को सफल बनाने में अतिदेव पाण्डेय, डॉ. संजू सिंह, सरिता देवी, डॉ. शालिनी साहू, अरुण कुमार, बसंत लाल, अजय कुमार, उग्रसेन सिंह और बृजेश कुमार ने सहयोग किया।
