धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, स्काउटर-गाइडर से जुड़ी बंद पड़ी प्रशिक्षण गतिविधियों को दोबारा शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। इसे लेकर वैदिक इंटर कॉलेज, रायबरेली में जिला कार्यकारिणी, प्रधानाचार्य परिषद और विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड शिक्षकों की विशेष बैठक हुई।बैठक में शिक्षकों ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से बच्चों के द्वितीय सोपान, तृतीय सोपान और राज्य पुरस्कार शिविर नियमित रूप से आयोजित नहीं हो पा रहे हैं।
इससे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर नहीं मिल रहे हैं।
सहायक आयुक्त डॉ. नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि बच्चे नियमित शुल्क देते हैं, इसके बावजूद प्रशिक्षण गतिविधियां सुचारु न होने से उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। बैठक में विद्यालय, तहसील और जिला स्तर पर तत्काल प्रशिक्षण शिविर शुरू कराने का प्रस्ताव पारित किया गया।शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण देने, स्काउट भवन को सुसज्जित करने तथा उसे प्रत्येक कार्य दिवस पर खोलने का भी निर्णय लिया गया।
साथ ही मेजर हरिश्चंद्र सिंह को जिला सचिव बनाए जाने के लिए जिला मुख्य आयुक्त/मुख्य विकास अधिकारी को परामर्श भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में जिला कमिश्नर स्काउट डॉ. महेंद्र सिंह, जिला कमिश्नर गाइड डॉ. स्मिता मिश्रा, डॉ. नरेंद्र बहादुर सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, लीडर ट्रेनर, स्काउटर-गाइडर और प्रधानाचार्य परिषद के सदस्य मौजूद रहे।
