धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि विभाग की ओर से शहर के जीआईसी मैदान में श्री अन्न महोत्सव, मिलेट्स रेसिपी प्रतियोगिता एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महोत्सव में कृषि, शिक्षा, आंगनवाड़ी समेत विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की ओर से करीब 46 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर श्री अन्न यानी मिलेट्स के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी लोगों को दी गई। विशेषज्ञों ने दैनिक आहार में मोटा अनाज शामिल करने की उपयोगिता बताकर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया।
मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ खानपान और पोषणयुक्त आहार को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
