बंदरों से बचने के प्रयास में सीढ़ियों से गिरे युवक की मौत।

छत पर फैले गेहूं की रखवाली के दौरान हुआ हादसा, गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में चला इलाज।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के राही गांव में बंदरों के दौड़ाने से सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की इलाज के बाद मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया। मृतक की पत्नी ने मिल एरिया थाने में प्रार्थना पत्र देकर घटना की सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के मुताबिक ग्राम व पोस्ट राही निवासी अनीता पत्नी शिवशंकर ने बताया कि 4 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे उनके पति शिवशंकर पुत्र जगन्नाथ घर की छत पर फैलाए गए गेहूं की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बंदरों के दौड़ाने पर वह सीढ़ियों की ओर भागे और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े।

हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।परिजन और रिश्तेदार आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी संगम अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के अनुसार, 5 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद उन्हें आगे के इलाज की व्यवस्था के लिए घर लाया गया,

जहां उनकी मृत्यु हो गई।शिवशंकर की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी अनीता ने मिल एरिया पुलिस को घटना की लिखित सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Related posts