पेड़ कटान के विवाद में वन दरोगा पर मारपीट व 20 हजार रुपये मांगने का आरोप

लकड़कटे ने सीओ को दिया प्रार्थना पत्र, वन विभाग ने आरोपों को बताया निराधार।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

महाराजगंज, रायबरेली। गोधइया मजरे खैरा निवासी लकड़कटे संजय सोनकर ने मंगलवार को क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार को प्रार्थना पत्र देकर वन दरोगा दिनेश गुप्ता पर मारपीट करने और अवैध रूप से 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, सोमवार 5 अक्टूबर को वह निजी उपयोग के लिए किसान से खरीदे गए आम के दो सूखे पेड़ सारपुर गांव में कटवा रहा था।

इसी दौरान वन दरोगा के पहुंचने और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया। संजय का दावा है कि उसे रायबरेली स्थित कार्यालय ले जाकर छोड़ने के बदले 20 हजार रुपये मांगे गए तथा रुपये न देने पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी गई।वहीं वन दरोगा दिनेश गुप्ता ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह मौके पर नहीं गए थे।

पेड़ कटान की सूचना पर बीट इंचार्ज संजय कुमार को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि 4 और 5 अक्टूबर को अवैध कटान के मामले में कार्रवाई के लिए महराजगंज थाने में प्रार्थना पत्र दिए गए हैं। उनका कहना है कि कार्रवाई से बचने के लिए मारपीट व वसूली के आरोप लगाए जा रहे हैं।

सीओ प्रदीप कुमार ने शिकायत की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Related posts