लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत सपा का धरना, मताधिकार की सुरक्षा की उठाई मांग

अंबेडकर पार्क में कांग्रेस भी हुई शामिल, अनुच्छेद 326 का किया पाठ; मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के आह्वान पर गुरुवार को “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत सपा जिला इकाई ने धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ममता वर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। सपा-कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया तथा संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से पाठ किया। प्रदर्शन के समापन पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के मताधिकार, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता से इसकी मजबूती जुड़ी है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष एवं सदस्य विधान परिषद जासमीर अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। विधायक अनिल वर्मा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम रहना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग के साथ मतदाता सूची की शिकायतों की निष्पक्ष जांच, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने, नाम जोड़ने-हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किए जाने की मांग की गई।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा, रामपाल राजवंशी, रामहेत भारती, कमलेश यादव, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, राधेश्याम जायसवाल, महेंद्र सिंह झीन बाबू, डॉ. हरगोविंद भार्गव, रमेश राही, प्रवक्ता दिग्विजय सिंह देव, प्रदेश सचिव रामपाल भार्गव, क्षत्रपाल सिंह यादव, कुमुदलता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts