धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। डलमऊ विकासखंड क्षेत्र के कटघर से उबरनी रेलवे स्टेशन तक जाने वाले संपर्क मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को समाजसेविका एवं सरेनी विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी सुधा द्विवेदी की पहल पर भरवाया गया। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
कटघर–उबरनी संपर्क मार्ग से पट्टी हार, छिटना का पुरवा, कुंवरमऊ, पकरी सहित कई गांवों के लोग आवागमन करते हैं। बरसात के दौरान सड़क पर गहरे गड्ढे हो जाने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। एंबुलेंस और स्कूली वाहनों के आवागमन में भी दिक्कतें आती थीं।समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सुधा द्विवेदी एवं उनके पति तथा श्री फाउंडेशन के मुखिया मनोज द्विवेदी से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई थी।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सुधा द्विवेदी की पहल पर जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से गड्ढों को भरवाया गया।करीब तीन किलोमीटर लंबा यह मार्ग उबरनी रेलवे स्टेशन, डलमऊ तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय और जिला मुख्यालय जाने के लिए महत्वपूर्ण है।
इसी रास्ते से ग्रामीण गंगा स्नान के लिए भी जाते हैं।सड़क की मरम्मत से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। सुधा द्विवेदी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करना और जरूरतमंद लोगों की मदद करना उनका प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों के लिए वह सदैव प्रयासरत रहेंगी।
