महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज /रायबरेली। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के मुख्यालय के निर्देश पर रविवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत थाना महराजगंज की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम इंदौरा और ओथी में बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
सम्मेलन में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसमें महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, अग्निशमन सेवा 101 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल रहे। टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
साथ ही आश्वस्त किया गया कि 1090 पर शिकायत करने वाली महिला की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।इस दौरान उपस्थित लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और मातृशक्ति वंदन योजना शामिल रहीं। टीम ने पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना गया और उन्हें आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
दोनों गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में उपनिरीक्षक लालजी यादव, महिला मुख्य आरक्षी गीता सिंह, आरक्षी नितिन कुमार, दीपेंद्र, विशाल, महिला आरक्षी प्रीति राणा, चारू शर्मा, महिला रिजर्व आरक्षी राधा कुमारी और विनीता सहित बीट आरक्षी एवं गांव के संभ्रांत व्यक्ति मौजूद रहे।
