सिविल लाइन चौराहे पर ई-रिक्शा चालक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, टीएसआई से तीखी बहस के बाद हंगामा।

जाम हटाने को लेकर भिड़े चालक और ट्रैफिक टीएसआई, धक्का-मुक्की में टीएसआई के चेहरे पर आई चोट; सड़क पर लेटकर चालक ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन चौराहे पर सोमवार को जाम हटाने को लेकर ट्रैफिक टीएसआई और ई-रिक्शा चालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इस दौरान टीएसआई के चेहरे पर चोट के निशान आ गए, वहीं ई-रिक्शा चालक सड़क पर लेटकर पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाने लगा। हंगामा देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों के मुताबिक, चौराहे पर जाम की स्थिति देखते हुए यातायात व्यवस्था संभाल रहे टीएसआई ने ई-रिक्शा चालक को वाहन हटाने के लिए कहा।

आरोप है कि टीएसआई ने ई-रिक्शा को धक्का देकर किनारे करने की कोशिश की, जिस पर चालक नाराज हो गया और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर चालक ने भी कथित तौर पर टीएसआई की ओर ई-रिक्शा धकेल दिया, जिससे उनके चेहरे पर चोट के निशान आ गए।

इसके बाद चालक सड़क पर लेट गया और पुलिसकर्मियों पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाने लगा। घटनाक्रम के चलते मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित होने की स्थिति बन गई।

सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा चालक को जिला अस्पताल ले गई, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

फिलहाल विवाद की शुरुआत, धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले में संबंधित पक्षों के बयान, स्थानीय लोगों की जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच से ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।

Related posts