धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के पहरेमऊ गांव में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में सो रही 14 वर्षीय किशोरी को जहरीले सांप ने डस लिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में किशोरी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया गया।जानकारी के मुताबिक, पहरेमऊ गांव निवासी विनय प्रकाश तिवारी की 14 वर्षीय पुत्री अराधना तिवारी बीती रात घर में सो रही थी।
रात करीब डेढ़ बजे अचानक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। कुछ ही देर में सर्पदंश का पता चलने पर परिजनों के होश उड़ गए। किशोरी की हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग बिना देर किए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अराधना को प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, उसकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे एम्स रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर एम्स पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।एम्स में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही किशोरी फिलहाल अराधना की हालत गंभीर बनी हुई है।
किशोरी की नाजुक स्थिति को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं और उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। घटना के बाद पहरेमऊ गांव में भी चिंता का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर सर्पदंश जैसी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता की अहमियत को सामने ला दिया है।
