सेवा संकल्प अभियान: स्वास्थ्य शिविर में 55 श्रमिकों की जांच, 31 का पंजीयन।

श्रमिकों को मिला स्वास्थ्य लाभ, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली, 13 अक्टूबर। रायबरेली में सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। सीएम कम्पोजिट विद्यालय, बेला भेला उत्तर पारा में श्रम विभाग एवं चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

शिविर में करीब 55 श्रमिकों का ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बुखार, जुकाम और पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित श्रमिकों को आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। वहीं, कुल 31 श्रमिकों का पंजीयन किया गया।

इस दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी शिव शंकर पाल ने श्रमिकों को कन्या विवाह सहायता, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद, अटल आवासीय विद्यालय और गंभीर बीमारी सहायता समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र श्रमिकों से पंजीयन कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में योजनाओं से संबंधित पंपलेट भी बांटे गए।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों सहित श्रम विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts