त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश एडीजी ने नैमिषारण्य में परखी व्यवस्थाएं,

महिला शिकायतों के त्वरित निस्तारण और सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी पर जोर

त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश एडीजी ने नैमिषारण्य में परखी व्यवस्थाएं,

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने सोमवार को नैमिषारण्य पहुंचकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शारदीय नवरात्र सहित आगामी त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

एडीजी ने मां ललिता देवी मंदिर परिसर और चक्रतीर्थ सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और कवरेज की जांच कर चौबीसों घंटे प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चक्रतीर्थ और कालीपीठ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन और जल पुलिस की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत एडीजी ने नैमिषारण्य में मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेकर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति जनविश्वास मजबूत करने पर भी जोर दिया।

एडीजी ने पुलिस गेस्ट हाउस का निरीक्षण कर साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नैमिषारण्य आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा और सुविधा उपलब्ध कराने के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी जाए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता, क्षेत्राधिकारी कार्यालय बृजेश कुमार और थानाध्यक्ष नैमिषारण्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts