पीड़ित ने विपक्षियों पर लगाया रंजिश में दुकान फूंकने का आरोप, पहले भी मारपीट और जान से मारने की दी थी धमकी।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
बछरावा रायबरेली। बीते बृहस्पतिवार शुक्रवार की मध्य रात्रि 1:00 बजे के आसपास दुकान में आग लगने की जानकारी प्राप्त हुई। विदित हो कि बबुरिहा खेड़ा मजरे विशुनपुर निवासी सज्जन सोनकर पुत्र देवी दीन ने विपक्षी दो लोगों पर आरोप लगाते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। मामला पुराने
जमीन के विवाद को लेकर चल रही रंजिश में दुकान में आग लगाकर करीब दो लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने बछरावां थाने में तहरीर देकर विपक्षियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। तहरीर के मुताबिक, पीड़ित पक्ष का विपक्षियों से काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
आरोप है कि आठ जून को विपक्षियों ने दुकान और मकान को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज की थी। इसके बाद गुरुवार शाम को भी विपक्षियों ने ईट फेंक कर मारी परंतु भाग्यवश पीड़ित और उसका बेटा बच गया। फिर प्रति पक्षियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश में देर रात उसकी फल की दुकान में आग लगा दी गई।
आग से दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ। दुकान में आग लगने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। तब जाकर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका।
पीड़ित ने थाने में प्रार्थनापत्र देकर विपक्षियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हुई है, जांच पड़ताल कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
