धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
सरेनी /रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर खुर्द गांव में गुरुवार शाम करीब पांच बजे केशराज कुरील के घर में अचानक आग लग गई। भीषण आग में अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई समेत घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के मुताबिक, अग्निकांड में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। परिवार के सात सदस्यों के सामने अब रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर पीआरवी-112 और भोजपुर चौकी पुलिस भी पहुंची। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचे और न ही नुकसान का आकलन किया।
पीड़ित परिवार को अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल सका है।वहीं, तहसीलदार लालगंज पवन कुमार यादव ने दूरभाष पर बताया कि संबंधित अधिकारी को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
