सरदार पटेल जयंती पर गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश, इंदिरा गांधी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

महराजगंज /रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, सलेथू में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दोनों महान विभूतियों को नमन करते हुए उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजीव सिंह, प्रधानाचार्य एस.एल. प्रजापति, उपप्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल और इंदिरा गांधी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद छात्राओं बेनजीर एवं साक्षी ने अपने संबोधन में दोनों महान व्यक्तित्वों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनके अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। वहीं इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारतीय राजनीति और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। अंत में विद्यालय परिवार ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts