धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। रिफॉर्म क्लब लॉन मैदान में राष्ट्रीय ग्रामीणआजीविका मिशन के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जनपद स्तरीय सरस मेला-2026 के दूसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सलोन विधायक अशोक कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान विधायक ने सलोन विधानसभा क्षेत्र की 32 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सलोन विकासखंड की 14, डीह की 15 और छतोह की तीन कार्यकत्रियां शामिल हैं। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।विधायक अशोक कुमार ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महिलाओं को अपने हुनर और मेहनत के बल पर आगे बढ़ना चाहिए तथा अपने उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
