शराब पीने के दौरान विवाद के बाद मारपीट की आशंका, मकान मालिक हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
बछरावां, रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव में देर रात एक मकान के कमरे के अंदर अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मृतक की पहचान गजियापुर निवासी रामकिशोर पुत्र छंगालाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामकिशोर उमरपुर गांव स्थित एक मकान में मकान मालिक शिवम के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने और फिर मारपीट होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।सूचना मिलने पर बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले रामकिशोर को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मकान मालिक शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। फिलहाल अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
