अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग का पैर टूटा, जिला अस्पताल रेफर।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

महराजगंज/रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के नवोदय चौराहे के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर लौट रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनका दाहिना पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पूरे सहमत मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी राम समुझ सोमवार शाम करीब पौने आठ बजे पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान नवोदय चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. अनिल भारद्वाज ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।

Related posts