कूटरचित शपथ पत्र से भूमि बेचने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज ,रायबरेली: बछरावां क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी व जालसाजी का बड़ा मामला सामने आया है। क्षेत्राधिकारी महराजगंज की जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने करीब 1 बीघा भूमि को फर्जी शपथ पत्र के आधार पर कई लोगों को बेच दिया।
ग्राम राजामऊ निवासी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि ग्राम राजामऊ स्थित गाटा संख्या 400 रकबा 0.2700 हेक्टेयर भूमि को लेकर विपक्षीगण ने षडयंत्र किया। आरोपियों ने वर्ष 2018 से 2026 के बीच कूटरचित शपथ पत्र तैयार कर उक्त भूमि को प्रार्थी सहित अन्य लोगों को बेच दिया और लाखों रुपये हड़प लिए।
शिकायत पर क्षेत्राधिकारी महराजगंज द्वारा मामले की जांच कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर उच्चाधिकारियों के आदेश पर थाना बछरावां में मुकदमा पंजीकृत किया गया है । चुरूवा निवासी आशा देवी पत्नी स्व. लोकेशधर, साजन मिश्रा पुत्र स्व. लोकेशधर, राजन मिश्रा पुत्र स्व. लोकेशधर सहित एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना उप निरीक्षक राहुल कुमार मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
