72 घंटे में सर्राफा लूटकांड का खुलासा, चार अंतरजनपदीय बदमाश गिरफ्तार

दो इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल होकर पकड़े गए, सोने-चांदी के शत-प्रतिशत आभूषण समेत 50,200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

धारा लक्ष्य समाचार 

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत आभूषण, 50,200 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और अवैध असलहे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, छह नवंबर को मंझारी चौराहे पर सर्राफा व्यापारी विमलेश रस्तोगी के साथ लूट हुई थी। बदमाशों ने रेकी कर व्यापारी का पीछा किया और नन्दवन गांव के निकट मंगलम तिराहे से पहले रास्ते में रोककर मारपीट की तथा आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना संदना पर मुकदमा अपराध संख्या 310/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एसओजी और संदना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गईं।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नौ-दस नवंबर की रात कोनीघाट पुल के पास से बैजनाथ सिंह उर्फ धीरज उर्फ ठाकुर निवासी नन्दवन और लुकमान निवासी सिधौली को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6 किलो 493.99 ग्राम चांदी के आभूषण और 19,200 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में दो अन्य साथियों के नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने इरफान और दीपक सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।

दस नवंबर को गणेशपुर स्थित सरकारी ट्यूबवेल तिराहे के पास एसओजी और संदना पुलिस की संयुक्त टीम ने इनामी अभियुक्त इरफान पुत्र इसहाक निवासी गोला गोकर्णनाथ तथा दीपक सिंह पुत्र लाल सिंह निवासी अहमदनगर, थाना हैदराबाद, जनपद लखीमपुर खीरी को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान दोनों ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इनके कब्जे से करीब 25.26 ग्राम सोने के आभूषण, 31 हजार रुपये नकद, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल, दो 315 बोर के तमंचे, चार जिंदा और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के कब्जे से बरामदगी के आधार पर व्यापारी से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी हुई है। चारों के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रिन्स सोनकर के नेतृत्व में संदना पुलिस तथा निरीक्षक अजय कुमार राय के नेतृत्व में एसओजी टीम शामिल रही। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related posts