डीएम व एसपी ने कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर किया घाटों का स्थलीय निरीक्षण।

स्नानार्थियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शुक्रवार को डलमऊ तहसील क्षेत्र स्थित गंगा घाटों एवं मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का जायजा लिया। 23, 24 एवं 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मेले और मुख्य स्नान पर्व को लेकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला जनपद का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है।

इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से समय रहते व्यवस्थाएं पूरी कर लें। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं।

डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और कमियों को तत्काल दूर कराएं, ताकि कार्तिक पूर्णिमा का मेला सुरक्षित, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, एसडीएम डलमऊ प्रीति सिंह, क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts