चार लोगों पर जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के मऊ गांव में तालाब से मछली पकड़ने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक दलित युवक ने चार लोगों पर मारपीट करने, जातिसूचक अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने महराजगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूरे अचली गांव निवासी अजय कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह तालाब से मछलियां पकड़कर बेचते हैं। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर वह मऊ राजस्व ग्राम स्थित हंस तालाब में मछली पकड़ रहे थे।
इसी दौरान जितेन्द्र जायसवाल, विनोद कुमार, लव यादव और बड़कऊ वहां पहुंच गए। उन्होंने मछली पकड़ने का विरोध करते हुए अपना हिस्सा मांगा।अजय का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो चारों लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी।
जान बचाकर भागने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पीछा कर दोबारा मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित के मुताबिक, जाते-जाते आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी
