दहेज की पांच लाख रुपये की मांग को लेकर विवाहिता की पिटाई का आरोप, इलाज के दौरान मौत; मायके पक्ष ने शव रखकर किया प्रदर्शन।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज में पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शुक्रवार को शव दरवाजे पर रखकर विरोध जताया और न्याय की मांग की।

जानकारी के अनुसार, छोटापुरा मजरे मोहम्मदपुर डिघौरा निवासी अमित कुमार की बहन सुनीता का विवाह वर्ष 2023 में खीरों थाना क्षेत्र के सुंदरिया खेड़ा निवासी रामनरेश के साथ हुआ था। भाई अमित का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सुनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। 10 नवंबर को पति रामनरेश, सास राजरानी और ननदों पिंकी, मोनिका व ज्योति ने पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की।

आरोप है कि गंभीर रूप से घायल सुनीता को उसका पति गुरबक्शगंज चौराहे पर छोड़कर चला गया। सूचना मिलने पर पहुंचे भाई अमित ने उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान ढकवा के पास सुनीता ने अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी भाई को दी और दम तोड़ दिया। विवाहिता की मौत से मायके पक्ष में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार 13 नवंबर को परिजनों ने शव दरवाजे पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पूर्व में शिकायत के बावजूद मामले में समझौता करा दिया गया था।

अब परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हरचंदपुर थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts