धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हैदरगढ़, बाराबंकी।रबी की फसल की बुवाई के बीच डीएपी खाद की किल्लत और कथित कालाबाजारी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। साधन सहकारी समिति चौबीसी पर शुक्रवार को सैकड़ों किसानों ने जमकर हंगामा किया। समिति पर अव्यवस्थाओं और खाद की कालाबाजारी के गंभीर आरोप लगाते हुए किसानों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों का आरोप है कि समिति पर सचिव के नियमित रूप से न आने के कारण व्यवस्थाएं पूरी तरह बेपटरी हैं और खाद वितरण में मनमानी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार किसान अर्जुन शर्मा, राम प्रताप, राजेंद्र सिंह, शेर बहादुर, धर्मराज सहित तमाम किसानों ने आरोप लगाया कि समिति पर सचिव कभी-कभार ही आते हैं। वहीं किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के बजाय अधिक कीमत वसूली जा रही है। किसानों का कहना है कि डीएपी की एक बोरी 1700 से 1800 रुपये तक में बेची जा रही है। इसके अलावा खाद वितरण में भी बड़े पैमाने पर अनियमितता किए जाने का आरोप लगाया गया।
किसानों ने बताया कि किसान के नाम पर पांच बोरी खाद का रजिस्ट्रेशन कराया जाता है, लेकिन मौके पर उसे केवल एक बोरी खाद देकर बाकी चार बोरियों को कथित तौर पर ब्लैक में बेच दिया जाता है। किसानों का आरोप है कि जब कोई किसान इस मनमानी का विरोध करता है तो समिति पर तैनात चपरासी उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। किसानों ने कहा कि खेती-किसानी के इस महत्वपूर्ण समय में खाद के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। एक तरफ खेतों में फसल की बुवाई का समय है, वहीं दूसरी तरफ खाद के लिए समिति के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
समिति परिसर में सैकड़ों किसानों के एकत्र होकर हंगामा करने की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं उपजिलाधिकारी अश्विनी सिंह भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने आक्रोशित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
