यह है ऐसा विद्यालय की जहां पर रसोईया ने खोला विद्यालय शिक्षक रहे नदारत विद्यार्थी हुए उपस्थित पढ़ें पूरी खबर

धारा लक्ष्य समाचार

हैदरगढ़, बाराबंकी। शिक्षा क्षेत्र त्रिवेदीगंज अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय पोखरा में शुक्रवार को शिक्षा व्यवस्था की एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। शुक्रवार सुबह 11 बजे तक विद्यालय में एक भी शिक्षक नहीं पहुंचा था। विद्यालय का मुख्य गेट रसोइया द्वारा खोला गया, जबकि पढ़ाई के लिए विद्यालय पहुंचे बच्चे शिक्षक विहीन परिसर में इधर-उधर घूमते और टहलते नजर आए। निर्धारित समय के काफी देर बाद तक शिक्षकों की अनुपस्थिति से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होती दिखाई दी।

सबसे अधिक हैरानी की बात यह है कि इस विद्यालय में एक-दो नहीं, बल्कि कुल पांच शिक्षकों की तैनाती है। इनमें प्रदीप यादव (इंचार्ज प्रधानाध्यापक), सोमनाथ प्रजापति (सहायक अध्यापक), रत्ना पोरवाल (सहायक अध्यापक), अरविंद चौहान (अनुदेशक) और अमित बाजपेयी (अनुदेशक) शामिल हैं। इसके बावजूद शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक किसी भी शिक्षक का विद्यालय न पहुंचना जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। विद्यालय में बच्चों की मौजूदगी के बावजूद उन्हें पढ़ाने वाला कोई शिक्षक मौजूद नहीं था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में शिक्षकों के समय से न पहुंचने की समस्या आए दिन देखने को मिलती है। शिक्षक अपनी मनमर्जी से विद्यालय आते हैं और जब इच्छा होती है तब विद्यालय से नदारद रहते हैं। लोगों का कहना है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। शिक्षकों को हर महीने मोटा वेतन दिया जाता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके, लेकिन यदि शिक्षक ही विद्यालय से गायब रहेंगे तो बच्चों की पढ़ाई कैसे होगी?

ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति न होने का असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। यही वजह बताई जा रही है कि विद्यालय में बच्चों की संख्या भी दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही है। अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए सरकार और विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जिम्मेदार शिक्षकों की लापरवाही इन प्रयासों पर पानी फेरती नजर आ रही है।

मामले की जानकारी लेने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी आराधना अवस्थी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक से बात की गई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि लापरवाह शिक्षकों के प्रति कार्रवाई की जाएगी।

Related posts