डीएम ने पुस्तक मेले का किया भ्रमण, बच्चों की कला प्रतिभा और स्वास्थ्य शिविर की सराहना

पोषण पोटली वितरण कर दिया टीबी मुक्त समाज का संदेश।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मंगलवार को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी पुस्तक मेले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेले साहित्य, संस्कृति और पुस्तकों के प्रति लोगों में रुचि बढ़ाने के साथ बच्चों एवं युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।

डीएम ने कैनवस क्लब के स्टॉल का विशेष रूप से अवलोकन किया। यहां अभिषेक वर्मा ने उन्हें बच्चों द्वारा तैयार की गई ड्राइंग, पेंटिंग और अन्य कलाकृतियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही बच्चों को विभिन्न कलात्मक विधाओं में दिए जा रहे प्रशिक्षण के संबंध में बताया। जिलाधिकारी ने बच्चों की कलाकृतियों और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

पुस्तक मेले में जिला क्षय रोग विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में लोगों को मानसिक स्वास्थ्य, नशा उन्मूलन, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देकर आवश्यक परामर्श दिया गया।

वहीं, पुस्तक मेला समिति एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जनभागीदारी के तहत टीबी मरीजों के लिए पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से पोषण पोटली वितरित की। उन्होंने टीबी मरीजों के उपचार के साथ पौष्टिक आहार के महत्व और उनके प्रति सामाजिक सहयोग की आवश्यकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि टीबी मुक्त समाज का सपना जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही साकार हो सकता है।

Related posts