सिधौली में डीएम का दोहरा निरीक्षण, मतदाता सूची पुनरीक्षण से लेकर खाद और धान खरीद व्यवस्था परखी

एसआईआर में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश, इफको बाजार और धान क्रय केंद्र पर किसानों से लिया फीडबैक

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने शनिवार को सिधौली क्षेत्र का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के साथ किसानों से जुड़ी खाद वितरण एवं धान खरीद व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने तथा आमजन और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिधौली एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाड़ी-कंपोजिट में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के संबंध में जानकारी लेते हुए मतदाताओं की संख्या तथा नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से कटे नामों की जांच कर पात्र व्यक्तियों के नाम नियमानुसार पुनः शामिल किए जाएं। कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने घर-घर जाकर फार्म एकत्र करने और निर्धारित समयसीमा में पुनरीक्षण कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद डीएम ने इफको बाजार सिधौली का निरीक्षण कर यूरिया के उपलब्ध स्टॉक, वितरण व्यवस्था और प्रतीक्षारत किसानों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद वितरण की प्रक्रिया देखी और दूरभाष के माध्यम से किसानों से सीधे बातचीत कर खाद उपलब्धता का फीडबैक लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय से यूरिया उपलब्ध कराई जाए तथा भंडारण और वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।

जिलाधिकारी ने बी-पैक्स कसमंडा और राजकीय धान क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने धान की तौल कराने पहुंचे किसान से बातचीत कर समस्याएं जानीं तथा धान की गुणवत्ता, खरीद संबंधी अभिलेखों और भुगतान की स्थिति की जांच की। दूरभाष के माध्यम से भुगतान का सत्यापन भी किया। उन्होंने क्रय केंद्र पर किसानों के बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और धान खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिधौली अवनीश कुमार, उप कृषि निदेशक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts