एक सप्ताह में सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश, लापरवाही पर अधिकारियों को दी चेतावनी।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शनिवार को तहसील महराजगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द करते हुए एक सप्ताह के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को केवल औपचारिकता समझकर न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्षता, गंभीरता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही न्याय मिले। इसी उद्देश्य से तहसील एवं थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाते हैं, जहां संबंधित अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर जनता की समस्याएं सुनते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। यदि किसी शिकायत के समाधान में तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य कोई बाधा आती है तो उसकी वास्तविक स्थिति और कारण स्पष्ट करते हुए तत्काल अवगत कराया जाए। शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित सर्वाधिक 36 मामले, पुलिस विभाग के 6 मामले, विकास विभाग के 2 मामले तथा अन्य विभागों के 11 मामले शामिल रहे। कुल 55 शिकायतों में से 7 का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देशों के साथ भेजा गया।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी महराजगंज आयुष अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, तहसीलदार शालिनी तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
