जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद, लाइसेंसी पिस्टल से युवक को मारी गोली

सीने में 2-3 गोलियां लगने से नईम गंभीर रूप से घायल, मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज; आरोपी की तलाश में पांच पुलिस टीमें गठित

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा बक्कास में सोमवार को जमीन पर निर्माण कार्य कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दूसरे पक्ष के युवक पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से नईम (निवासी कटरा बक्कास) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आलमबाग निवासी सरदार सुखविन्दर सिंह ने ग्राम कटरा बक्कास में जमीन खरीदी है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी जमीन पर मजदूरों से निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस की जमीन के मालिक नईम मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जमीन की पैमाइश कराए बिना निर्माण कार्य कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सरदार सुखविन्दर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से नईम पर गोली चला दी। फायरिंग में नईम के दाहिने सीने के निचले हिस्से में दो से तीन गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, घायल और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटनास्थल पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।

Related posts