मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बनी गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान, 302 जोड़े विवाह बंधन में बंधे

मऊ में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, चार मुस्लिम जोड़ों का भी हुआ निकाह

मऊ, 23 नवंबर 2026।

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को जनपद मऊ के कोपागंज स्थित बापू इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर 302 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीबों, पिछड़ों, वंचितों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसके जीवन में खुशहाली आए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न कराया जा रहा है। यह योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूत कर रही है।

मंत्री ने कहा कि कोपागंज में 302 जोड़ों का एक साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश करना हर्ष और गौरव का विषय है। समारोह में चार मुस्लिम जोड़ों का भी विवाह संपन्न हुआ, जो आपसी भाईचारे, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन प्रेम, विश्वास, सम्मान और आपसी सहयोग की मजबूत नींव पर आगे बढ़ता है। सभी जोड़ों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे, यही उनकी कामना है। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना भी की।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts